सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा):
बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सिमरी बख्तियारपुर–सलखुआ मुख्य मार्ग SH-95 पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गायत्री शिक्षा निकेतन स्कूल के पास सड़क पर अचानक आए एक कुत्ते को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि कार के एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे उसमें सवार दंपति और उनका बच्चा सुरक्षित बच गए। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
गंगा स्नान के लिए जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, बलवाहाट थाना क्षेत्र के निवासी दीपक कुमार शुक्रवार सुबह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ कार से मुंगेर जिले के छर्रा पट्टी स्थित गंगा घाट पर स्नान के लिए जा रहे थे। उनकी कार सिमरी बख्तियारपुर होते हुए सलखुआ की ओर बढ़ रही थी।
जैसे ही वाहन डाक बंगला चौक से आगे बढ़कर गायत्री शिक्षा निकेतन के पास पहुंचा, अचानक एक कुत्ता सड़क पर दौड़कर गाड़ी के सामने आ गया।
बालू के ढेर पर चढ़कर पलटी कार
कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक ने जैसे ही कार को मोड़ा, वाहन अनियंत्रित हो गया। कार सड़क किनारे रखे बालू के ढेर पर चढ़ गई और संतुलन बिगड़ने से बीच सड़क पर पलट गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर दौड़ पड़े।
एयरबैग ने बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार जिस तरह पलटी थी उसे देखकर बड़ी अनहोनी की आशंका जताई जा रही थी। लेकिन जैसे ही कार पलटी, तुरंत एयरबैग खुल गए और अंदर बैठे दीपक कुमार, उनकी पत्नी और बच्चे को गंभीर चोट लगने से बचा लिया।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत कार में फंसे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में तीनों को केवल हल्की चोटें और खरोंचें आईं।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पलटी कार को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। कुछ देर के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।

0 टिप्पणियाँ